Search News

लू का कहर: पंजाब में भीषण गर्मी से अब तक तीन लोगों की मौत

पंजाब में गर्मी का कहर जारी, बठिंडा में तापमान 46°C तक पहुंचा। अब तक तीन की मौत, 25 जून को मानसून आने की संभावना। हरियाणा में बिजली की खपत रिकॉर्ड स्तर पर।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: June 14, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

पंजाब में भीषण गर्मी लोगों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। शुक्रवार को बठिंडा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। प्रदेश में गर्मी के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो की मौत शुक्रवार को मोगा और पठानकोट में लू लगने से हुई। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। गुरुवार और शुक्रवार को कई जिलों में लू चलने से आम जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि शाम के समय मौसम ने करवट ली और लुधियाना, नंगल सहित कई स्थानों पर हल्की बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को पंजाब में मानसून दस्तक देगा और इससे पहले प्री-मानसून बारिश तापमान में गिरावट ला सकती है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने जानकारी दी कि 17 जून तक प्रदेश में लू का असर बना रहेगा, जबकि कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, हरियाणा में तापमान बढ़ने से बिजली की मांग में रिकॉर्ड स्तर की वृद्धि हुई है। 12 जून को प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 13,926 मेगावाट तक पहुंच गई, लेकिन आपूर्ति पूरी न हो पाने के कारण 550 मेगावाट लोड पर बिजली कट लगाए गए। इसके बाद भी अधिकतम खपत 13,492 मेगावाट पर पहुंच गई।

Breaking News:

Recent News: