Search News

विमान हादसे के बाद पीएम मोदी का घटनास्थल दौरा, कहा यह त्रासदी कभी नहीं भूलेगा देश

Air India विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल और घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने घायलों से मुलाकात की, हालचाल जाना और कहा यह दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: June 13, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल का दौरा किया, जहां दुर्घटना में घायल हुए लोगों का इलाज चल रहा है। पीएम मोदी ने न केवल अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना, बल्कि डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से मरीजों की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने वार्ड नंबर C7 में जाकर एक-एक घायल से मुलाकात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने इसके बाद दुर्घटनास्थल का भी दौरा किया। घटनास्थल पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने अधिकारियों और बचाव कार्य में जुटी टीमों से बातचीत कर अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने हादसे को अकल्पनीय त्रासदी बताया और कहा कि यह दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा अहमदाबाद विमान हादसे से पूरा देश स्तब्ध है। इस त्रासदी में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। हम उनके दर्द को समझते हैं और उनके साथ खड़े हैं। यह खालीपन आने वाले वर्षों तक महसूस किया जाएगा। ओम शांति। उन्होंने आगे कहा मैंने आज अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया। वहां का मंजर बेहद दुखद और पीड़ादायक था। सभी टीमें युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। इस दौरान पीएम के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट है कि केंद्र सरकार हादसे के हर पहलू पर नज़र रखे हुए है और पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए तैयार है।

Breaking News:

Recent News: