कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अंतरिक्ष में एक ऐतिहासिक मिशन को पूरा करने के बाद भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से धरती के लिए रवाना होंगे। यह मिशन ISRO और NASA के सहयोग से चलाए गए Axiom-04प्रोजेक्ट का हिस्सा था। इस स्पेस मिशन में शुभांशु शुक्ला के साथ अमेरिका की पैगी व्हिटसन, हंगरी के टिबोर कापू और पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीवस्कीशामिल रहे। चारों अंतरिक्ष यात्री आज शाम 4:30 बजे ISS से SpaceX के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के ज़रिए धरती के लिए उड़ान भरेंगे। स्पेसक्राफ्ट कल यानी 15 जुलाई को शाम 3 बजे अमेरिका के कैलिफोर्निया के पास लैंड करेगा। वापसी से पहले शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष स्टेशन पर अपने साथियों के साथ फोटोशूट भी कराया। यह सभी तस्वीरें NASA के अंतरिक्ष यात्री जॉनी किम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की हैं। इन तस्वीरों में कुल 8 अंतरिक्ष यात्री नजर आ रहे हैं, जो अमेरिका, भारत, जापान, पोलैंड और हंगरी से हैं। सभी अंतरिक्ष यात्री कंधे से कंधा मिलाकर हंसते हुए पोज देते दिख रहे हैं।जॉनी किम ने बताया कि यह तस्वीरें ट्राइपॉड और टाइम-लैप्स कैमरे की मदद से ली गई हैं, और इसके साथ एक वीडियो भी साझा किया गया है। इन तस्वीरों ने ना केवल टीम की दोस्ती को दिखाया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। Axiom-04 मिशन ने वैज्ञानिक शोध, तकनीकी परीक्षण और पृथ्वी के पर्यावरण पर अंतरिक्ष के प्रभाव से संबंधित कई अहम प्रयोग किए। शुभांशु शुक्ला की इस उपलब्धि ने भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक और गर्व का मौका दिया है।