लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति, गंगागंज, लखनऊ की ओर से मिनी स्टेडियम गंगागंज में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह एवं अंगद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिविर का आयोजन पतंजलि योग समिति गंगागंज के अध्यक्ष नागेश कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के स्वामी अभिषेक देव एवं आचार्य लोकेंद्र के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
योग प्रशिक्षक ओंकार नाथ सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों सहित हजारों योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह एवं अंगद सिंह ने सफल आयोजन के लिए पतंजलि योग समिति गंगागंज एवं उसकी पूरी टीम को बधाई दी। वक्ताओं ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा “योग भगाए रोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अखिल भारत नागरिक परिषद की महामंत्री रीना त्रिपाठी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में अनिल कुमार वर्मा (कार्यक्रम संयोजक), ब्लॉक प्रमुख डिंपल वर्मा, पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख विनोद वर्मा, उदय राज वर्मा (प्रभारी, पतंजलि योग समिति लखनऊ), अभिषेक चौहान, राजू शुक्ला, ओंकार नाथ सिंह, साधक शेर बहादुर थापा, रवि वर्मा, राजेश पटेल, विजय कुमार वर्मा, सूर्य प्रकाश वर्मा, सरिता तिवारी, रामकुमार पांडे, आनंद जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों योग साधक उपस्थित रहे।

