कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
आठवां राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के तहत गुरुवार से नवादा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया। नवादा के सीडीपीओ शशि कुमारी के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई तथा नरहट सीडीपीओ ज्योति सिन्हा के देखरेख में गुरुवार को पोषण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। सीडीपीओ ने बताया कि पोषण माह अनुसूचित जाति टोला से प्रारंभ किया गया है। पोषण अभियान के तहत जन समुदाय तक स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता संबंधित व्यापक प्रचार एवं प्रभावी व्यवहार परिवर्तन हेतु जन आंदोलन के रूप में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। पोषण माह में पोषण भी पढ़ाई भी, पोषण रैली, पोषण जागरूकता हेतु महिला बैठक, हैंड वॉश, शिशु बाल आहार प्रदर्शन, एक पेड़ मां के नाम आदि गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सीडीपीओ ने लोगों को मोटे अनाजो के उपयोग को बढ़ावा देने, तेल एवं चीनी के न्यूनतम प्रयोग तथा बच्चों को जंक फूड से दूर रखने की सलाह दी। पोषण माह का कार्यक्रम 16 अक्टूबर तक चलेगा। सरकार पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुपर फूड और जागरूकता को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नरहट के इस कार्यक्रम में महिला सुपरवाइजर सुनीता कुमारी एवं आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाओं ने भाग लिया।
