लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं द्वारा भव्य भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। भक्त अपनी श्रद्धा और आस्था के अनुसार लोगों के बीच प्रसाद का वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कहीं सब्जी-पूड़ी, कढ़ी-चावल और छोला-चावल का प्रसाद वितरित किया जा रहा है तो कहीं शरबत, आइसक्रीम और बूंदी का वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।

इसी क्रम में ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर सीतापुर रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल के पीछे न्याय विहार कॉलोनी के बर्फानी पैलेस में अधिवक्ता शशिकांत शुक्ला के तत्वावधान में सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच सब्जी-पूड़ी, कढ़ी-चावल तथा रसगुल्ले (कालाजाम) का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर प्रसाद ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर आयोजक अधिवक्ता शशिकांत शुक्ला ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े मंगल के पावन अवसर पर अपने निवास पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रभु हनुमान की कृपा से श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है और सभी को प्रेम व श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कराया जाता है। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की पूजा शुक्ला, योगेंद्र त्रिपाठी (अधिवक्ता), शशिकांत पांडेय, हरीश चंद्र तिवारी (प्रबंधक, ग्रीन वे इंटर कॉलेज), बच्चू लाल अवस्थी, विजेंद्र त्रिपाठी, आशीष मिश्रा, शिवम मिश्रा, राम सेवक यादव, मनोज बाजपेई एवं अराबी गंगवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




