कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अगर आप गाजियाबाद में घर लेने की सोच रहे हैं तो आपके लिए सुनहरा अवसर आ रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) एक नई टाउनशिप योजना "हरनंदीपुरम" लेकर आ रहा है, जिस पर काम तेज़ी से शुरू हो गया है। इस योजना के तहत किसानों से सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा कीमत पर जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए जीडीए कुल 2,384 करोड़ रुपये खर्च करेगा। मंगलवार को मेरठ मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में जीडीए की 169वीं बोर्ड बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता जीडीए अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने की। बैठक में सभी 23 प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई, जिनमें हरनंदीपुरम टाउनशिप योजना से जुड़ा प्रस्ताव भी शामिल था। बैठक में बताया गया कि मथुरापुर, शमशेर, चंपतनगर, भनेरा-खुर्द और नंगला फिरोज मोहनपुर गांवों में आने वाली जमीनों का चयन किया गया है। इन गांवों के किसानों से जमीन सर्किल रेट के मुकाबले चार गुना दर पर खरीदी जाएगी। साथ ही किसानों को 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट भी दिए जाएंगे।
इस प्रक्रिया में सात प्रतिशत स्टांप ड्यूटी और एक प्रतिशत पंजीकरण शुल्क भी शामिल होगा। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि भूमि दरों पर निर्णय लेने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई थी, जिसने सितंबर 2024 में पुनरीक्षित सर्किल रेट के आधार पर दरें तय की हैं। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, एडीएम वित्त सौरभ भट्ठ, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह और मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह योजना गाजियाबाद के रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति देगी और आम नागरिकों के लिए आवास का एक बड़ा अवसर साबित होगी।
