कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
इस वर्ष सीआर पार्क में दुर्गा पूजा का पंडाल जैसलमेर के प्रसिद्ध गोल्डन फोर्ट की थीम पर आधारित होगा। यह भव्य पंडाल पीले बलुआ पत्थरों जैसी सजावट और राजस्थानी स्थापत्य की नक्काशी से सजेगा। पूजा समिति इस वर्ष अपनी 50वीं वर्षगांठ मना रही है, जिसके चलते आयोजन को खास बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पंडाल में 18 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसे बंगाल के कलाकारों ने बांस, कागज और मिट्टी से तैयार किया है। यह मूर्ति पूरी तरह बंगाली परंपरा और संस्कृति पर आधारित होगी और इसमें किसी भी प्रकार का रासायनिक या प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया है। पूजा समिति ने इस बार पंडाल को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त और ईको-फ्रेंडली रखने का निर्णय लिया है। सजावट से लेकर प्रसाद वितरण तक में केवल प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रसाद के लिए सुपारी के पेड़ की छाल से बने पत्तल का उपयोग होगा। महासचिव विवेक भट्टाचार्या ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पंडाल को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया है। साथ ही, पूजा के दौरान रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु न केवल पूजा में शामिल होंगे, बल्कि भारतीय धरोहर का अनुभव भी कर सकेंगे।
