कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने विकासखण्ड ललौरीखेड़ा के गांव मथूडांडी के प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाडी केन्द्र,आरआरसी सेन्टर का औचक निरीक्षण किया गया। विद्यालय निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में पहुंचकर बच्चों से मिड डे मील की जानकारी ली और भोजन की गुणवत्ता परखी। विद्यालय में फर्नीचर की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय में और फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्यालय में बच्चों की संख्या की जानकारी प्राप्त करते हुए छात्र-छात्राओं में वृद्धि करने के निर्देश दिए। शौचालय निरीक्षण के दौरान पानी न आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सबमर्सिबल को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में कूड़ादान व्यवस्था को देखा। विद्यालय में हैण्डवॉश पानी टंकी को चालू कराने एवं परिसर में हैण्डपम्प की पानी की गुणवत्ता को परखा। विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाडी केन्द्र का निरीक्षण किया और केन्द्र में बच्चों की संख्या की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने साफ सफाई व्यवस्था में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी ललौरीखेडा को विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सभी सरकारी भवन सुन्दर दिखने चाहिए।इसके साथ ही रोड़ किनारे पडे घूरों को हटवाने, सफाई कराने व गांव में गिरे पडे खम्भे को ठीक कराने के निर्देश दिये।इसके साथ ही उन्होंने आर.आर.सी. सेन्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को सेन्टर चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी द्वारा सेन्टर पर नियमित कूडा लाया जाये और गीला कूडा व सूखा कूडा अलग अलग रखा जाए। इस दौरान उन्होंने सेंटर की भूमि की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर व सेंटर की खाली पड़ी भूमि में पौधारोपण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी,तहसीलदार सदर, खण्ड विकास अधिकारी ललौरीखेडा, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित अन्य उपस्थित रहे है।
