Search News

पंजाब के पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध हालात में मौत, दवा के ओवरडोज का शक

पंजाब
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: October 17, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर का निधन संदिग्ध परिस्थितियों में हो गया है। प्रारंभिक जांच में दवा के ओवरडोज को मौत का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अकील अख्तर, जो हाई कोर्ट में वकालत करते थे, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के हरदा खेड़ी गांव के रहने वाले थे। गुरुवार को उन्होंने किसी दवा का सेवन किया था, जिसके बाद शुक्रवार सुबह उन्हें बेसुध हालत में पाया गया। उन्हें मोहाली के सेक्टर 6 स्थित नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट या किसी वीडियो का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए सहारनपुर उनके पैतृक गांव ले जाया गया। अकील की मां रजिया सुल्ताना पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं, जबकि उनके पिता मोहम्मद मुस्तफा वर्ष 2021 में डीजीपी पद से रिटायर होकर कांग्रेस पार्टी से जुड़ गए थे। अकील शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे—एक बेटा और एक बेटी हैं। इस दुखद घटना से मुस्तफा परिवार और उनके करीबी लोगों में शोक की लहर है। पुलिस ने कहा है कि मौत के असल कारण का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Breaking News:

Recent News: