कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की ओर से लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं, जबकि भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब देने में जुटी है। बुधवार रात से पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों में तेजी आई है, जिसका भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई के तहत कई ड्रोन मार गिराए हैं। भारत सरकार ने इस सैन्य तनाव और लगातार हो रहे आतंकी हमलों के मद्देनजर एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भारतीय भूमि पर होने वाले किसी भी आतंकी हमले को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। इसका अर्थ यह है कि किसी भी प्रकार के आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना पूरी सैन्य शक्ति के साथ जवाब देगी।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय पाकिस्तान के लगातार आक्रामक रवैये और सीमा पर बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों को देखते हुए लिया गया है। अधिकारी के अनुसार, “अब कोई भी आतंकी हमला भारत पर सीधा हमला माना जाएगा और इसका जवाब भी उसी स्तर पर दिया जाएगा।” भारतीय सेना के सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में सीमा पर पाकिस्तान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों में तेजी आई है। भारतीय सुरक्षा बलों ने इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब देते हुए कई ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया है। सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सेना को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत सरकार का यह कदम पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देने के लिए है कि आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह निर्णय उन आतंकवादी संगठनों और उनके समर्थकों के लिए भी चेतावनी है जो भारत की सुरक्षा को चुनौती देने की कोशिश करते हैं।
क्षेत्रीय शांति पर क्या होगा प्रभाव?
इस निर्णय के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ सकता है। हालांकि भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह शांति का पक्षधर है, लेकिन उसकी संप्रभुता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
