कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अररिया जिला के छह विधानसभा में हुए चुनाव का मतगणना कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रांगण में शुक्रवारा को किया जाएगा। मतगणना को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सारी तैयारी पूरी कर ली गई। त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने वाले मतगणना को लेकर जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अनिल कुमार और आरक्षी अधीक्षक अंजनी कुमार ने अधिकारियों के साथ गुरुवार को कृषि उत्पादन बाजार समिति स्थित मतगणना स्थल सहित सुरक्षा को लेकर बनाए गए नाका का निरीक्षण किया और ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौके पर मौजूद जिला निर्वाची पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मतगणना को लेकर सारी व्यवस्था कर ली गई है।हरेक विधानसभा का मतगणना के लिए अलग अलग हॉल है।जहां प्रत्येक राउंड के लिए चौदह टेबल लगाए गए हैं।सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे शुरू होगा और पहले बैलेट पेपर की गिनती की जाएगी और उसके बाद ईवीएम मशीन के मतों को गिना जाएगा।ऑब्जर्वर, माइक्रो ऑब्जर्वर और गणना सहायक की मौजूदगी में गिनती होगी।यातायात के सुगम संचालन को लेकर मार्ग में रानीगंज बस स्टैंड से पश्चिम नहर के पुल के पश्चिम छोर पर तथा कृषि उत्पादन बाजार समिति के मुख्य द्वार से पश्चिम टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय के सामने एक एक बैरियर लगाने का निर्देश दिया गया है।बैरियर के बीच सड़क के दोनों किनारे बेरीकेडिंग रहेगी। वहीं एसपी अंजनी कुमार ने मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के दावे किए।उन्होंने कहा कि अररिया जिला पुलिस के साथ बीएसएफ की दो और एसएसबी की एक कंपनियों की तैनाती रहेगी।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी भारी संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। डीएम और एसपी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा,चारों ओर लगाए गए सुरक्षा घेरे,सीसीटीवी कैमरा,बाउंड्री एरिया में तैनात पुलिस बलों की स्थिति तथा प्रवेश द्वार पर की गई बेरीकेडिंग एवं चेकिंग व्यवस्था की जांच की।

