Search News

सीएमएस का कमाल: आईएससी में 99.75 प्रतिशत अंकों के साथ चार छात्र टॉपर, 62 ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर रचा इतिहास

सीएमएस CMS
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: May 1, 2026

- राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्थान पाने वाले 19 छात्रों को एक-एक लाख रुपये व 43 छात्रों को 21-21 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित करेगा सीएमएस

- सम्मान समारोह में कुल 62 छात्रों को 28 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से नवाजा जाएगा।

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। सिटी मोन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के मेधावी छात्रों ने इस वर्ष भी आईएससी व आईसीएसई बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया है। आईएससी परीक्षा में चार छात्रों—ओशीन अग्रवाल, संस्कृति चंदेल, जैनब फातिमा और छवि मिश्रा—ने 99.75 प्रतिशत अंक अर्जित कर कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं आईसीएसई (कक्षा-10) परीक्षा में वैवस्वत नारायण दुबे ने 99.80 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा जहरा फातिमा व अनय अग्रवाल ने 99.60 प्रतिशत तथा अफशान अहमद, दिव्यांश कुशवाहा और फरहीन खान ने 99.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस वर्ष सीएमएस के कुल 62 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर नया इतिहास रचा है, जिनमें आईएससी के 42 और आईसीएसई के 20 छात्र शामिल हैं। विद्यालय के कुल 7030 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 3709 (52.8 प्रतिशत) ने 90 प्रतिशत से अधिक और 1441 (20.5 प्रतिशत) छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि 1013 छात्रों ने एक या अधिक विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

 सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छात्रों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। वहीं हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि 2 मई को गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस में आयोजित ‘सम्मान समारोह’ में 3709 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्थान पाने वाले 19 छात्रों को एक-एक लाख रुपये और 99 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 43 छात्रों को 21-21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। कुल 62 छात्रों को 28 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम से पहले 2 मई की सुबह 7:45 बजे टॉपर छात्रों द्वारा ‘विक्ट्री मार्च’ निकाला जाएगा, जो मकदूमपुर पुलिस स्टेशन से शुरू होकर सीएमएस गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस तक जाएगा।

Breaking News:

Recent News: