लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। पांचवें बड़े मंगल के अवसर पर निराला नगर स्थित परवरिश स्कूल में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। स्कूल की ओर से आयोजित भव्य भंडारे में दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी निभाते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धापूर्वक सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। सबसे पहले बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया, इसके बाद सब्जी-पूड़ी एवं तहरी का प्रसाद हजारों श्रद्धालुओं को कराया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। परवरिश स्कूल की संचालिका डॉ. कुसुम कमल ने बताया कि विद्यालय की ओर से वर्ष 2012 से लगातार बड़े मंगल पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सेवा, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना है। दिव्यांग बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया, जिससे समाज में समानता, आत्मविश्वास और सेवा भाव का सकारात्मक संदेश गया। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर डॉ कुसुम कमल, वैष्णवी कमल, काजोल पाठक, अभिनव कमल, पार्थ सिंह, आदित्य, चंचल सिंह, अंश अग्रवाल, राम, चांदनी शर्मा, श्रेया अग्रवाल, दीपांशु, अंश त्रिपाठी, पूर्णिमा त्रिपाठी, स्वाति, अजय मीना, दीपू जायसवाल, साधना व स्कूल के दिव्यांग बच्चों समेत अन्य मौजूद रहे।



