कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने काति बिहू और धनत्रयोदशी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि काति बिहू असम की समृद्ध लोक परंपरा और आस्था से जुड़ा एक कृषि पर्व है, जो खेत-खलिहानों और ग्रामीण जीवन की लय से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने प्रार्थना की कि तुलसी के नीचे और खेतों में जलाए गए दीपक सबके जीवन को आलोकित करें और समृद्धि लेकर आएं। धनत्रयोदशी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, श्रीवृद्धि और सौभाग्य की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पवित्र पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति और मंगलमय भविष्य की रोशनी भर दे।
