कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि भारत ने पाकिस्तान पर मिसाइल हमले किए थे, जिनमें नूर खान एयरबेस और कई अन्य महत्वपूर्ण ठिकाने तबाह हो गए। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सामने आया, जिसमें शरीफ स्पष्ट रूप से यह कबूल करते नजर आ रहे हैं कि भारत के हमलों से पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ है। वीडियो में शहबाज शरीफ कहते हैं कि 10 मई को सुबह करीब 2:30 बजे पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल सैयद असीम मुनीर ने उन्हें सिक्योर लाइन पर कॉल कर जानकारी दी थी कि भारत की बैलिस्टिक मिसाइलों ने नूर खान एयरबेस और अन्य इलाकों पर हमला किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान की वायुसेना ने देश की रक्षा के लिए स्वदेशी तकनीक और चीनी जेट विमानों पर आधुनिक गैजेट का इस्तेमाल किया।
इस कबूलनामे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान, जो पहले भारत के हमलों से हुए नुकसान को नकारता रहा था, अब सच को स्वीकार कर रहा है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया और इसे ऑपरेशन सिंदूर की सटीकता और साहस का प्रमाण बताया।
आपको बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान भारत के हमलों को झूठा करार देता रहा था और इनकार करता रहा कि उसे कोई नुकसान हुआ है। लेकिन शहबाज शरीफ के इस बयान ने पाकिस्तानी सेना के बयान और वायरल वीडियो को सटीकता के साथ जोड़ दिया है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को साझा करते हुए कहा कि शहबाज शरीफ का यह बयान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारत की सैन्य क्षमता का प्रतीक है। इस खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पाकिस्तान की स्थिति कमजोर हो सकती है, क्योंकि वह खुद स्वीकार कर रहा है कि उसे भारत के हमलों से बड़ा नुकसान हुआ।
