कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी देवी का दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि व कल्याण के लिए प्रार्थना की है। पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर स्थित गौशाला में जाकर गौवंश को हरा चारा खिलाया और उनकी सेवा की। मुख्यमंत्री ने देवीपाटन पीठाधीश्वर के साथ मंदिर भ्रमण किया ।
दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री गुरुवार की शाम 4:40 बजे देवीपाटन मंदिर पहुंचे थे। रात्रि में उन्होंने चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बलरामपुर के विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भी चर्चा हुई।
चैत्र नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर
मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिया कि चैत्र नवरात्रि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे, एनाउंसमेंट सिस्टम, महिला सुरक्षा, चेंजिंग रूम, और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और जलजमाव की समस्या को दूर करने के भी निर्देश दिए।
महाकुंभ जैसा हो पुलिस का व्यवहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ में यूपी पुलिस के व्यवहार की सराहना देश-विदेश में हुई थी। चैत्र नवरात्रि मेले में भी पुलिस का व्यवहार ऐसा हो, जिससे श्रद्धालुओं का दिल जीता जा सके। मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आस्था को आजीविका का माध्यम बनाया जा सकता है। मेले के दौरान महाकुंभ, रामायण और पौराणिक कथाओं के वीडियो व डिस्प्ले चलाने के निर्देश दिए।
