कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे, निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री को लेकर हाल ही में कई घटनाक्रम सामने आए हैं। होली के अवसर पर पटना में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों में निशांत कुमार की पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई गई है। पोस्टरों पर लिखा था, 'बिहार की मांग सुन लिए निशांत, बहुत-बहुत धन्यवाद'।
इसके अलावा, होली के दिन मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में निशांत कुमार ने जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और मंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ उनकी बातचीत ने राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना दिया। निशांत कुमार के गाल पर गुलाल लगने को उनकी राजनीतिक शुरुआत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इन घटनाओं से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार को धीरे-धीरे राजनीति में सक्रिय कर रहे हैं, जिससे भविष्य में सत्ता का हस्तांतरण सुचारू रूप से हो सके। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
