कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में ABVP उम्मीदवार आर्यन मान ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। NSUI की जोसलिन चौधरी को कड़ी टक्कर देते हुए आर्यन मान ने पूरे 21 राउंड की मतगणना में बढ़त बनाए रखी और बड़े अंतर से जीत हासिल की। इस जीत में सोशल मीडिया की ताकत, हरियाणवी गायिका मासूम शर्मा के प्रचार गीत और ABVP की ज़मीनी मेहनत ने निर्णायक भूमिका निभाई। चुनाव के अंतिम पांच दिनों में इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए प्रचार गीतों और रील्स ने खासतौर पर जेन-Z छात्रों को आर्यन मान के समर्थन में आकर्षित किया। मासूम शर्मा के गाए गए गीत और बॉलीवुड कलाकारों की वोट अपील ने युवा मतदाताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम किया। वहीं, ABVP कार्यकर्ताओं ने न केवल सोशल मीडिया बल्कि ज़मीनी स्तर पर भी प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी। 20,000 से अधिक हस्तलिखित पर्चे, हाथ से बनाए गए पोस्टर, और "वॉल्स ऑफ डेमोक्रेसी" पर किए गए रचनात्मक प्रचार ने एक अलग पहचान बनाई। दिल्ली सरकार की यू-स्पेशल बस सेवाएं और रियायती मेट्रो पास जैसी योजनाएं भी छात्रों को लुभाने में कामयाब रहीं, जिससे दूर-दराज़ के इलाकों से आने वाले छात्रों, खासकर छात्राओं का झुकाव ABVP की ओर बढ़ा। पिछले साल अध्यक्ष पद गंवाने के बाद इस बार ABVP ने संगठित और रणनीतिक अभियान चलाया, जिसमें केंद्रीकृत छात्रावास व्यवस्था के लिए की गई 16-दिवसीय हड़ताल भी शामिल रही। इससे संगठन की छात्रों के प्रति प्रतिबद्धता भी उजागर हुई। आर्यन मान की जीत को "इतिहास रचने वाली" इसलिए भी कहा जा रहा है क्योंकि NSUI की जोसलिन एक भी मतगणना राउंड में उनसे आगे नहीं निकल पाईं। आठवें राउंड तक ही उन्होंने 5,000 से अधिक वोटों की निर्णायक बढ़त बना ली थी। इस जीत के साथ ABVP ने तीन सीटों पर जीत हासिल की और यह संदेश दिया कि अगर सोशल मीडिया, सांस्कृतिक जुड़ाव और ज़मीनी हकीकत को सही रणनीति के साथ मिलाया जाए, तो युवा मतदाता का समर्थन जीता जा सकता है।
