कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना बेला पुलिस, साइबर सेल, सर्विलांस व एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹9,21,000 नकद, दो कारें (टाटा कर्व बिना नंबर प्लेट व महिन्द्रा XUV 300 UP79AB 3455), एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन पेनड्राइव, चार फर्जी मोहरें, नकली पहचान पत्र और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिव प्रताप उर्फ रवि, जितेन्द्र सिंह उर्फ मिथुन (दोनों निवासी अमृतपुर कैथावा, थाना बेला, औरैया) तथा राहुल पुत्र चन्द्रपाल (निवासी रुरिया, सिरसागंज, फिरोजाबाद) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रधानमंत्री कुसुम योजना और प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना के नाम पर फर्जी फेसबुक पेज बनाकर लोगों से ठगी करते थे। वे योजनाओं के नाम पर फर्जी अप्रूवल लेटर, इनवॉइस और मुहर बनाकर लोगों से पैसे ट्रांसफर कराते थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इनके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 26 शिकायतें दर्ज हैं, जो उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ राज्यों से संबंधित हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध साइबर थाना औरैया में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक औरैया ने टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और साइबर अपराधों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस ने अपील की है कि नागरिक किसी भी योजना के नाम पर अपनी बैंक जानकारी साझा न करें और धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
