कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
शनिवार सुबह अमृतसर से बिहार के सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। यह हादसा पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जब ट्रेन अंबाला की ओर आधा किलोमीटर की दूरी पर थी। ट्रेन के एक सामान्य डिब्बे से धुआं निकलता देख तत्काल ट्रेन को रोका गया। देखते ही देखते आग ने तीन सामान्य डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। रेलवे अधिकारियों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
