कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित नेवल एअर स्टेशन लेमूर (NAS Lemoore) के पास एक F-35 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा मंगलवार को उस वक्त हुआ जब विमान नियमित उड़ान पर था। राहत की बात यह रही कि पायलट समय रहते सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकलने में सफल रहा और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। NAS लेमूर की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि घटना में पायलट सुरक्षित है और कोई अन्य सैन्य या सिविलियन कर्मचारी प्रभावित नहीं हुआ है। हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए थे। अमेरिकी नौसेना के अधिकारियों ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी या उड़ान से जुड़ी किसी समस्या के कारण यह हादसा हो सकता है, लेकिन पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। उधर, F-35 लड़ाकू विमानों के निर्माता, अमेरिका की प्रमुख रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने इस हादसे पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। हादसे से जुड़े विस्तृत विवरण और तकनीकी जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। NAS लेमूर अमेरिका की प्रमुख नौसेना एअर बेसों में से एक है, जहां से नियमित रूप से उन्नत सैन्य विमान उड़ान भरते हैं। F-35 लड़ाकू विमान दुनिया के सबसे आधुनिक और स्टील्थ तकनीक से लैस विमानों में से एक माना जाता है।