Search News

आज उत्तर प्रदेश में है कानून का राज - सीएम योगी

यूप
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhiz Times
  • Updated: March 24, 2025

कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार सबसे बड़ी उपलब्धि है। पहले पहले हर तीसरे दिन दंगे होते थे। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे। लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। यह बात उन्होंने प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर कही।

उन्होंने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि वर्ष 2017 में 1.5 लाख पुलिस पद खाली थे। डबल इंजन सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 1,56,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती की और हाल ही में 60,200 नई भर्तियां की गईं। दस जिलों में पुलिस लाइन नहीं थी। हमने सभी जगह पुलिस लाइन बनाईं। ट्रेनिंग क्षमता 6,000 से बढ़ाकर 60,244 कर दी गई। पीएसी की 54 कंपनियां पिछली सरकारों ने खत्म कर दी थीं, जिन्हें बहाल किया गया। तीन महिला बटालियन और पांच नई पीएसी बटालियन गठित की गईं।

मुख्यमंत्री ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि बीते आठ वर्षों में बेरोजगारी दर 19 फीसदी से घटकर तीन पर आ गई है। आठ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। एमएसएमई सेक्टर में दो करोड़ से अधिक युवा स्वरोजगार से जुड़े। 50 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देकर डिजिटल सक्षम बनाया गया। ओडीओपी योजना ने परंपरागत उद्यमिता को बढ़ावा दिया। निर्यात 86,000 करोड़ से बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। आज नकल विहीन परीक्षाएं हो रही हैं। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 50 लाख से अधिक बच्चों की बढ़ोतरी हुई। 10 नए विश्वविद्यालय और 21 निजी विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग शुरू की गईं हैं। अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी छात्रों को 100 फीसदी स्कॉलरशिप दी जा रही है।

योगी ने कहा कि उनकी सरकार में छह करोड़ से अधिक गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया। 15 करोड़ लोग पिछले पांच वर्षों से मुफ्त राशन प्राप्त कर रहे हैं। 1.86 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए। होली और दीपावली पर मुफ्त सिलेंडर दिए जा रहे हैं। नौ करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड दिए गए। 56 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराए गए। प्रदेश में आज छह एक्सप्रेस-वे संचालित हैं और 11 पर काम चल रहा है। पहले महज दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे। आज 16 एयरपोर्ट हैं, जिनमें 4 इंटरनेशनल हैं। जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जल्द शुरू होगा। इस दौरान उन्होंने गरीबों को बिजली कनेक्शन देने, ईज आफ डूइंग में यूपी 14 वें स्थान पर आने, 15 लाख करोड़ की निवेश परियोजनाएं शुरू होने, प्रदेश में 80 मेडिकल कालेज बनाने के साथ ही जिला मुख्यालयों की नगर पालिकाओं को भी स्मार्ट सिटी बनाने आदि जन उपयोगी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा दिया।
 

Breaking News:

Recent News: