कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
मंडी के ऐतिहासिक सिद्धकाली मंदिर में आपदा से बचाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु को लेकर यज्ञ का आयोजन किया गया। इस यज्ञ का आयोजन विश्व यज्ञ दिवस के अवसर पर जगत गुरू त्रिपुरा पीठाधीश्वर यज्ञ सम्राट श्री श्री 1008 श्री हरिओम महाराज के सानिध्य में हर घर यज्ञ घर- घर यज्ञ के तहत मानव जीवन रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किया गया। वहीं प्रदेश भर में भारी बारिश की वजह से हुई तबाही से बचाने, प्रदेशवासियों के रक्षा और कल्याण करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वस्थ एवं दीर्घायु होने के लिए आयोजित महायज्ञ में जयराम ठाकुर शामिल हुए। इसके अलावा मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने भी इस ग्यारह कुंडीय हवन यज्ञ में आहुति डाली। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के तमाम विधायक, पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को ईश्वर स्वस्थ एवं दीर्घायु करें जिससे वह हमारा नेतृत्व और मार्गदर्शन करते रहें। इस अवसर पर स्वामी हरिओम जी महाराज ने बताया कि प्रकृति को शांत रखने के लिए और संतुलन बनाए रखने के लिए यज्ञ का करवाया जाना अनिवार्य है। यह तो वैज्ञानिक तथ्य है कि यज्ञ के धूएं से आजोन परत के धब्बों को भरने की क्षमता है। प्राकृतिक आपदाएं हिमाचल उतराखंड में ही नहीं पूरे देश और विश्व भर में आपदाओं की वजह से जनधन की हानि हो रही है।
