कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने गन्ना किसानों के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस निर्णय के अंतर्गत अगेती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य 390 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना किसानों को लगभग 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ प्राप्त होगा। उप मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि यह निर्णय न केवल किसानों की आय में अभूतपूर्व वृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा। डबल इंजन सरकार का यह प्रयास 'समृद्ध किसान-सशक्त उत्तर प्रदेश' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और सशक्त कदम है। राजद और सपा दोनों का चाल चरित्र और चेहरा एक जैसाकेशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा कि सपा और राजद दोनों का चाल, चरित्र और चेहरा एक जैसा ही है। तेजस्वी यादव हों या अखिलेश यादव, दोनों की राजनीति भ्रम, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की है। बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों ने ठान लिया है 2047 तक ऐसे दल सत्ता के इर्द-गिर्द भी नहीं पहुँच पाएंगे, क्योंकि जनता अब सिर्फ़ विकास और सुशासन का राज चाहती है। देश और प्रदेश को जिन दो परिवारों ने लूटा दिन-रात, दोनों 'बुलेट राजा' फिर थामे हैं एक दूसरे का हाथ। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव, एक की राजनीति का आधार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध है, तो दूसरे का अस्तित्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विरोध तक सिमट गया है। परिवारवादी राजनीति और अनर्गल विरोध का हठ अब देश और बिहार की जनता को कतई स्वीकार नहीं है। उन्होंने लिखा कि बिहार और उत्तर प्रदेश ये दो राज्य कभी अपार संभावनाओं के प्रतीक थे, लेकिन राजद और सपा की राजनीति ने इन्हें अराजकता, भ्रष्टाचार और वंशवाद में जकड़ दिया था। भाजपा और एनडीए ने इस अंधेरे दौर को समाप्त कर इन दोनों राज्यों को विकास, सुशासन और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।
