लखनऊ: उत्तर प्रदेश को ‘विकसित राज्य’ बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही योगी सरकार ने युवाओं के रोजगार को लेकर एक और बड़ा कदम उठाया है। जापान और सिंगापुर से 1.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों के बाद अब प्रदेश के युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने की योजना बनाई जा रही है।
इसी दिशा में राजधानी लखनऊ स्थित इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में दुनिया की प्रमुख मानव संसाधन कंपनी एडेको ग्रुप (Adecco Group) के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
एडेको ग्रुप और इन्वेस्ट यूपी के बीच चर्चा
इस बैठक में एडेको ग्रुप की पब्लिक अफेयर्स प्रमुख बेटिना शालर, एडेको इंडिया के डायरेक्टर दीपेश गुप्ता और इन्वेस्ट यूपी की अतिरिक्त सीईओ प्रेरणा शर्मा सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में प्रदेश के युवाओं को कुशल बनाने, टैलेंट मैनेजमेंट इकोसिस्टम मजबूत करने और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई।
युवाओं को मिलेगा विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण
बैठक का प्रमुख फोकस यह रहा कि इन्वेस्ट यूपी राज्य के कुशल युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण उपलब्ध कराए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
भाषाई प्रशिक्षण मिलने से प्रदेश के युवाओं के लिए वैश्विक स्तर पर रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और वे मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने के लिए अधिक सक्षम बन पाएंगे।
यूपी बनेगा ग्लोबल टैलेंट हब
इस पहल से उत्तर प्रदेश को उभरते हुए ‘ग्लोबल टैलेंट हब’ के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही राज्य की अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को भी मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार एडेको ग्रुप के साथ यह सहयोग प्रदेश में रोजगार के नए मानक स्थापित करने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
विकसित यूपी के विजन पर काम
राज्य सरकार प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत देश-विदेश के निवेशकों को आमंत्रित करने, औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समय-समय पर युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते रहे हैं। माना जा रहा है कि एडेको ग्रुप के साथ यह पहल भविष्य में प्रदेश के रोजगार परिदृश्य में बड़ा बदलाव ला सकती है।
