लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ में वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म (WEP) का उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर शुरू किया गया। यह पहल नीति आयोग द्वारा संचालित है, जिसका उद्देश्य महिला उद्यमियों के लिए एक मजबूत और एकीकृत मंच तैयार करना है, ताकि उन्हें व्यवसाय के विस्तार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, संसाधन और नेटवर्किंग मिल सके।
इस स्टेट चैप्टर का उद्घाटन प्रसिद्ध महिला उद्यमी और समृद्धि क्रिएशन की संस्थापक सुष्मिता दत्ता ने किया। इसका कार्यालय गोमती नगर के विभूति खंड स्थित रोहतास समिट बिल्डिंग में यूपी इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड के अंतर्गत स्थापित किया गया है।
महिला उद्यमियों को मिलेंगी कई सुविधाएं
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेश की महिला उद्यमियों को
मेंटोरशिप और बिजनेस गाइडेंस
वित्तीय सहायता से जुड़ाव
बाजार तक पहुंच
नियामकीय सहयोग
नेटवर्किंग के अवसर
जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे अपने उद्यम को और मजबूत बना सकें।
महिला उद्यमिता के लिए बनेगा मजबूत इकोसिस्टम
नीति आयोग की वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म पहल का उद्देश्य देशभर में महिला उद्यमियों के लिए एक व्यापक इकोसिस्टम तैयार करना है। इसके जरिए स्टार्टअप और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को संस्थागत सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाता है।
प्रदेश में राज्य सरकार की औद्योगिक नीति, स्टार्टअप नीति और महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं के कारण महिला उद्यमिता के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है। ऐसे में लखनऊ में इस स्टेट चैप्टर की स्थापना को महिला उद्यमियों के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
