कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शुक्रवार सुबह अमरनाथ यात्रियों की कार और ट्रक के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना बट्टल बल्लियां के पास हुई, जहां एक ट्रक ने अमरनाथ यात्रियों की कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हो गए हैं। सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन के अधिकारी करतार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा सुबह करीब 6 बजकर 13 मिनट पर हुआ। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से पांच को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे में शामिल कार पंजाब नंबर की है जबकि ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल मामले की जांच में जुटे हैं। उल्लेखनीय है कि बीते गुरुवार को भारी बारिश और भूस्खलन के चलते अमरनाथ यात्रा को अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया था। शुक्रवार सुबह यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नुनवान और बालटाल आधार शिविरों से श्रद्धालुओं का नया जत्था पवित्र गुफा मंदिर की ओर रवाना हो चुका है।
