कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के कोडेनार थाना क्षेत्र अंर्तगत नेशनल हाईवे 63 पर किलेपाल के पास गुरुवार 11 सितबर की रात 11 बजे कार और बोलेरो की भीषण टक्कर के बाद कार में लगी आग से कार सवार दो युवक सुनील दास मानिकपुरी एवं मानिक गाईल निवासी गीदम जिंदा जल गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई । वहीं बोलेरो सवार दो युवक अनिकेत कश्यप एवं बुधराम पोड़यामी घायल हुए हैं। हादसे में पूरी कार जलकर राख हो गई। कोडेनार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार सवार मृतक दोनों युवक गीदम के रहने वाले थे, इसी बीच जगदलपुर की तरफ से एक बोलेरो आ रही थी, तभी दोनों गाड़ी आमने-सामने टकरा गई, बोलेरो में भी 2 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई। जिससे कार सवार दोनों युवक मौके पर ही जिंदा जल गए । वहीं घटना के वक्त इस रास्ते से गुजर रहे अन्य लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की लेकिन आग लगने की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका । जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई । वहीं बोलेरो सवार दो युवक घायल हुए है । जब कार में आग लगी तब इन्हें बोलेरो से बाहर निकाल लिया गया था। जगदलपुर एएसपी महेश्वर नाग ने शुक्रवार को बताया कि दोनों मृतकों की पहचान गीदम निवासी के रूप में हुई हैं । वहीं दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस इनसे पूछ-ताछ कर रही है।
