Search News

ग्रेटर नोएडा में वेस्टर्न टॉयलेट में धमाका, मीथेन गैस विस्फोट से युवक गंभीर रूप से झुलसा, इलाके में दहशत

ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 क्षेत्र में वेस्टर्न टॉयलेट की सीट फटने से तेज धमाका हुआ। 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। परिजनों ने मीथेन गैस विस्फोट की आशंका जताई, पुलिस कर रही जांच।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 5, 2025

कैनविज टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।

ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। सेक्टर-36 के मकान संख्या C-364 में एक वेस्टर्न टॉयलेट की सीट अचानक तेज धमाके के साथ फट गई, जिससे 20 वर्षीय युवक आशू नागर गंभीर रूप से झुलस गया। विस्फोट इतना तेज था कि घर के अन्य सदस्य भी डर गए और तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को बचाया। परिवार ने इस हादसे के पीछे मीथेन गैस विस्फोट की आशंका जताई है। आशू के पिता सुनील प्रधान ने बताया कि शौचालय का नियमित उपयोग होता है और वॉशरूम-किचन के बीच शाफ्ट में एसी का एग्जॉस्ट फिट है, जिसके पीछे ग्रीन बेल्ट है। ऐसे में गैस के एकत्रित होकर विस्फोट करने की संभावना है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब आशू शौच के बाद फ्लश कर रहा था। अचानक जोरदार धमाका हुआ और वेस्टर्न सीट फट गई, जिससे आग की चपेट में आकर उसके चेहरे, हाथ, पैर और निजी अंग झुलस गए। धमाके की आवाज से आसपास के लोग भी सहम गए। परिजन उसे गंभीर हालत में जिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसे ठीक होने में समय लगेगा।

मीथेन गैस जमा होने की आशंका
 

एक्टिव सिटीजन टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा का सीवर सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। पहले के सिस्टम में वेंट पाइप होता था जिससे मीथेन गैस वायुमंडल में निकल जाती थी। अब वेंट पाइप नहीं होने से गैस पाइपलाइन में ही अटक जाती है और इसी से ऐसे हादसे होते हैं।

ढाई साल से टूटी सीवर लाइन बनी खतरे की जड़
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में डेढ़ वर्ष से सीवर लाइन टूटी हुई है, लेकिन अभी तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों का आरोप है कि संबंधित प्राधिकरण की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, नगर निगम व जल विभाग को भी नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।

Breaking News:

Recent News: