कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पंजाब में लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर किसानों का गुस्सा उबाल पर है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने शुक्रवार को एक सर्वदलीय बैठक के बाद स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पंजाब सरकार ने यह पॉलिसी वापस नहीं ली तो दिल्ली में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन जैसा ही धरना पंजाब में शुरू किया जाएगा। बैठक में किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि यह पॉलिसी किसानों की जमीन छीनने की साजिश है और इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा। SKM के नेताओं ने साफ किया कि सरकार को यह नीति वापस लेने पर मजबूर कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि इस सर्वदलीय बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) के किसी भी प्रतिनिधि ने हिस्सा नहीं लिया, जिससे किसान नेताओं ने नाराज़गी जताई। वहीं भाजपा, कांग्रेस और अन्य 10 क्षेत्रीय दलों ने SKM को अपना समर्थन दिया है। राजेवाल ने कहा हम फिर से दिल्ली जैसी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। सरकार अगर नहीं मानी तो पंजाब की सड़कों पर बड़ा आंदोलन होगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने आगे कहा कि यह लड़ाई सिर्फ लैंड पूलिंग पॉलिसी की नहीं, बल्कि किसानों के हक और ज़मीन की रक्षा की है।
