लखनऊ | राजधानी लखनऊ में जानलेवा चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए चिनहट पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना चिनहट पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कस्बा चौकी प्रभारी तेज कुमार शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर औचक निरीक्षण और तलाशी अभियान चलाया।
अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित एवं घातक चाइनीज मांझे की बिक्री को पूरी तरह समाप्त करना है, ताकि आम नागरिकों और बेजुबान पक्षियों की जान को होने वाले खतरे को रोका जा सके। चिनहट पुलिस ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
