कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
फतेहाबाद पुलिस द्वारा जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों को सोमवार को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई हिसार रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केके राव की निगरानी में की गई। यह निस्तारण कार्रवाई हिसार के सेक्टर 27-28 स्थित हुडा इंडस्ट्रियल एरिया के सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में संपन्न हुई। इस अवसर पर फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक हीरा सिंह तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों की उपस्थिति और सतर्क निगरानी में पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न की गई। आज नष्ट किए गए यह मादक पदार्थ विभिन्न आपराधिक मामलों में फतेहाबाद जिले में जब्त किए गए थे। करोड़ों रुपये मूल्य की इस खेप को नष्ट करना पुलिस की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 1652 किलो 610 ग्राम चूरा पोस्त, 4 किलो 876 ग्राम अफीम, 569 किलो 623 ग्राम गांजा, 14 किलो 360 ग्राम सुल्फा, 4 किलो 260 ग्राम 617 मिलीग्राम हेरोइन, 8 किलो 252 ग्राम चूरा पोस्त के हरे पौधे, प्रतिबंधित नशीली दवाइओं में 5160 टैबलेट्स, 108 इंजेक्शन, 10 सिरप की बोतलें शामिल हैं। एसपी फतेहाबाद सिद्धांत जैन ने कहा कि यह सिर्फ मादक पदार्थों का निस्तारण नहीं, बल्कि एक स्पष्ट संदेश है कि नशे का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फतेहाबाद पुलिस नशे के खिलाफ पूरी तरह सजग, सक्रिय और प्रतिबद्ध है। समाज को भी इस लड़ाई में अपना सक्रिय योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी बिना किसी समझौते के जारी रहेगी।
