Search News

फतेहाबाद में दुकानों के बाहर चला बुलडोजर, दुकानदारों ने किया विरोध

फतेहाबाद
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: September 18, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

फतेहाबाद शहर में गुरूवार सुबह-सुबह नगर परिषद प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसकी शुरुआत लघु सचिवालय के सामने से की गई। यहां दुकानों के बाहर अवैध रूप से लगे शैड व अन्य सामान को तोड़ दिया गया। काफी सामान नगर परिषद की टीम ट्रॉली में डालकर ले गई। इस दौरान जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई, ईओ राजेंद्र सोनी सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे। दुकानदारों ने गुहार भी लगाई, लेकिन अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी। टीम ने बुलडोजर की मदद से दुकानों के बाहर अवैध रूप से लगाए गए फड़, शेड व अन्य सामान को तोड़ डाला। धड़ाधड़ एक के बाद एक कई दुकानों के आगे से अवैध सामान तोड़ा गया। साथ में कर्मचारी इस तोड़े गए सामान को ट्रॉली में डालते रहे। अतिक्रमण हटाओ अभियान की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हडकंप मच गया और लाल बत्ती चौक के दुकानदारों ने टीम के पहुंचने से पहले ही बाहर लगे बोर्ड हटा लिए, वहीं नगर परिषद के बाहर के दुकानदारों ने शैड तोड़े जाने का विरोध करते हुए दुकानों को बंद कर दिया। दुकानदारों ने कहा कि यह शैड अतिक्रमण नहीं है बल्कि धूप और बारिश से बचाव के लिए लगाए गए हैं। बता दें कि एक दिन पहले बुधवार को भी डीएमसी के नेतृत्व में नगर परिषद टीम ने अनाज मण्डी के पीछे एसबीआई रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। मगर, तब दुकानदारों के विरोध के चलते टीम समय देकर वापस लौट गई थी। दिन के समय में दुकानदारों द्वारा विरोध किए जाने के चलते नगर परिषद प्रशासन ने गुरूवार सुबह-सुबह ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर में अधिकांश दुकानें सुबह 9 बजे के बाद ही खुलती हैं। ऐसे में डीएमसी संजय बिश्नोई सुबह 7 बजे से पहले ही कर्मचारियों को लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंच गए। लघु सचिवालय के सामने से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू करवाया गया। दो बुलडोजर ड्राइवर लघु सचिवालय से लालबत्ती चौक की ओर की दुकानों के आगे से शैड तोड़ते हुए आए। लघु सचिवालय के सामने ही चाय के खोखो और फ्रूट विक्रेताओं की ओर से अस्थायी रूप से बनाए गए ठिकानों को भी हटा दिया गया। इन खोखों के बाहर बैठकर लोग चाय पीते हैं। दिन के समय में लघु सचिवालय में आने वाले लोग भी बाहर बैठकर अपने काम का इंतजार भी करते हैं। इस दौरान नगर परिषद टीम ने दुकानों के बाहर बने रैम्प भी तुड़वा दिए।

Breaking News:

Recent News: