कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हरियाणा के फतेहाबाद जिला की पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए रतिया की टीम ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर दरियापुर निवासी मोनू कुमार पुत्र धर्मपाल को धर दबोचा। आरोपित को हंसपुर फतेहाबाद बाईपास के पास उस समय पकड़ा गया जब वह नशीले पदार्थ की तस्करी करने की फिराक में था। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मौके पर दबिश दी और तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।सीआईए रतिया प्रभारी रिछपाल सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 9.72 ग्राम कोकीन बरामद की गई, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। कोकीन जैसी घातक और प्रतिबंधित ड्रग की बरामदगी से यह स्पष्ट है कि आरोपित किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसके तार किन-किन राज्यों या अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। जल्द ही इसके सहयोगियों पर भी शिकंजा कसने की योजना है।
