कैनविज टाइम्स डिजिटल डेस्क । मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीरांगना भूमि झांसी का दौरा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसको लेकर प्रशासन ने डायवर्ट रास्तों की सूचना जारी कर दी है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय ने बताया कि कानपुर रोड के मेडिकल बाईपास से शहर में आने वाले वाहन, जिन्हें मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, बस स्टैंड, जेल चौराहा, सदर बाजार, इलाइट चौराहा, बिजौली, हंसारी या शहर के अंदर से होकर ललितपुर की ओर जाना है, वह मुख्यमंत्री के झांसी पहुंचते ही बंद कर दिए जाएंगे। झांसी होटल की ओर से इलाइट चौराहा आने वाले वाहनों को इलाहाबाद बैंक चौराहा से डायवर्ट किया गया है। यहां आने वाले वाहनों को इलाहाबाद बैंक चौराहा से स्टेशन रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से होते हुए वाहन स्टेशन, चित्रा चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इसी तरह चित्रा चौराहा से इलाइट की ओर जाने वाले वाहन स्टेशन रोड, इलाहाबाद बैंक चौराहा से होते हुए झांसी होटल चौराहा से जाएंगे। दतिया और ग्वालियर की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले वाहन इलाइट चौराहा नहीं जा सकेंगे। उन्हें बीकेडी चौराहा से स्टेशन रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, शिवपुरी की तरफ से आने वाली बसों को मसीहागंज चौकी पर ही रोका जाएगा। यहीं से बसें शिवपुरी के लिए जाएंगी।
