कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को चंदौली दौरे के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और पर्यावरण की रक्षा में सहयोग दें। पौधरोपण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जनपद के जनप्रतिनिधियों से भेंट कर जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, जिससे आमजन तक योजनाओं का लाभ सुचारु रूप से पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां की थीं। जगदीश सराय में बने अस्थायी हेलिपैड पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और राज्य मंत्री पहले से मौजूद थे। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।