Search News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की विपक्ष के नेताओं ने की निंदा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: August 20, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई को दौरान हमला हुआ। इस घटना पर विपक्ष के कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इस हमले की निंदा की। उन्होंने लिखा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्हें विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं। ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है।

जनसुनवाई के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री पर हुए हमले पर आआपा के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह निंदनीय है। समाज में किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। यह हमें महात्मा गांधी ने सिखाया है। सवाल यह है कि कौन सा समूह हिंसा को संरक्षण दे रहा है? उन्होंने कहा कि हम यह नहीं कहेंगे कि दिल्ली की जनता रेखा गुप्ता से नाराज है इसलिए हमला हुआ। किसी पर भी हमला गलत है। आआपा इस समय भाजपा का समर्थन कर रही हैं। सभी दलों को इस तरह के कृत्य की निंदा करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित 'जन सुनवाई' कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने राजकोट के रहने वाले आरोपित राजेश भाई खिमजी को हिरासत में लिया है।
 

Breaking News:

Recent News: