Search News

यमुना की आरती कर तट पर चला स्वच्छता अभियान, अंत्येष्टि स्थलों की हुई साफ-सफाई

औरैया
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: September 22, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोमवार को यमुना तट पर स्थित अंत्येष्टि स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम जिला गंगा समिति, नगर पालिका परिषद, वन विभाग और समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अनूप गुप्ता, अधिशासी अधिकारी राम आसरे कमल, सफाई निरीक्षक आशीष पांडे, डीपीएम शिरीष मिश्रा सहित समिति के पदाधिकारी व सेवादार मौजूद रहे। समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से श्मशान घाटों पर स्वच्छता व पौधारोपण कार्यक्रम लगातार करती आ रही है। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि हर वर्ष बाढ़ के कारण यमुना घाट का क्षेत्र जलमग्न हो जाता है, जिससे अंत्येष्टि करने वालों को काफी असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है। अभियान के उपरांत घाट परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोचारण के बीच घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से यमुना मैया की दिव्य आरती संपन्न हुई। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर यमुना जी से सुख-समृद्धि की कामना की। आनंद नाथ गुप्ता ने कहा कि पावन यमुना नदी में स्नान, ध्यान और पूजा करने से जीवन की अनेक बाधाएं दूर होती हैं तथा धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पापों का नाश होता है। आयोजन में प्रमुख रूप से विनोद पोरवाल, हिमांशु दुबे, सुधीर कुमार, किरन शर्मा, वन विभाग की जिला परियोजना अधिकारी साक्षी शुक्ला, रूबी शर्मा, विवेक अवस्थी, पवन यादव व धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवादार मौजूद रहे।

Breaking News:

Recent News: