कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी के निर्देश पर गठित रालोद नगरीय निकाय (अर्बन बॉडी) की पहली बैठक मंगलवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने बताया कि नगरीय निकाय के गठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में पार्टी के संगठन का विस्तार करना, आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और नगर निकाय चुनावों में रालोद की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सौंपा गया यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन कार्यकर्ताओं के समर्पण और प्रतिबद्धता के बल पर इसे पूरा किया जाएगा। अनुपम मिश्रा ने आगे कहा कि सभ्यता के विकास के साथ शहरीकरण की प्रक्रिया तेजी से बढ़ी है और अब समय आ गया है कि पार्टी भी नगरीय क्षेत्रों में अपने जनाधार को मजबूत करे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का वह प्रदेश है जहां सबसे अधिक नगरीय स्थानीय निकाय हैं। प्रदेश में 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद, 545 नगर पंचायत और कुल 762 नगरीय निकाय हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा दिए गए इस नए दायित्व को पार्टी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ऊर्जा के साथ निभाएगी। मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नगर स्तर पर संगठन के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाएं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी आने वाले समय में नगर निगमों और नगर पंचायतों में जनजागरण अभियान चलाएगी, ताकि रालोद की विचारधारा और नीतियों को आम नागरिक तक पहुंचाया जा सके।
