नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अंशधारकों के लिए एक बड़ी सुविधा आने वाली है। इस साल अप्रैल में प्रस्तावित नए मोबाइल ऐप के माध्यम से अब सदस्य यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के जरिए सीधे अपने बैंक खातों में पीएफ की राशि निकाल सकेंगे। यह जानकारी शीर्ष सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, श्रम मंत्रालय एक ऐसी योजना पर कार्य कर रहा है, जिसमें ईपीएफ का एक हिस्सा सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि शेष बड़ी राशि को यूपीआई गेटवे के माध्यम से बैंक खातों में निकासी के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसी के तहत ईपीएफओ एक नया समर्पित मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है।
नए ऐप के जरिये सदस्य न केवल यूपीआई के माध्यम से पीएफ की राशि निकाल सकेंगे, बल्कि पासबुक बैलेंस देखने सहित अन्य कई सेवाओं का भी लाभ उठा पाएंगे। फिलहाल ईपीएफओ की सेवाएं यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) पोर्टल और ‘उमंग’ ऐप के माध्यम से उपलब्ध हैं, जो आगे भी जारी रहेंगी। हालांकि नया ऐप ईपीएफओ ग्राहकों के लिए सेवाओं की पहुंच और वितरण को और अधिक सरल व प्रभावी बनाएगा।
सूत्रों ने बताया कि अंशधारक मोबाइल ऐप पर अपने बैंक खाते में ट्रांसफर के लिए उपलब्ध पात्र ईपीएफ शेष राशि देख सकेंगे। लेनदेन पूरा करने के लिए उन्हें अपने लिंक किए गए यूपीआई पिन का उपयोग करना होगा, जिससे बैंक खाते में सुरक्षित और त्वरित धन हस्तांतरण संभव हो सकेगा। वर्तमान में इस सुविधा का परीक्षण किया जा रहा है और श्रम मंत्रालय द्वारा अप्रैल में इसे बड़े स्तर पर लॉन्च किए जाने की संभावना है।
