उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इसकी अध्यक्षता संघ प्रमुख मोहन भागवत कर रहे हैं। उनसे मिलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वृंदावन आ सकते हैं। वृंदावन के केशव धाम में सोमवार से अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक जारी है। इससे पहले रविवार को संघ के केंद्रीय पदाधिकारी संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिले। परिचय बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की वर्तमान परिस्थितियों के साथ बैठक के विषयों पर मंथन किया। संगठन के 100 वर्ष पूरे होने पर गांव-गांव सभाएं आयोजित कर लोगों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। रविवार सुबह करीब सवा सात बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत केशव धाम पहुंचे। यहां उनका संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद परिचय बैठक हुई। इसमें संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह कार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, आलोक कुमार, मनमोहन वैद्य सहित केंद्रीय पदाधिकारियों ने संघ प्रमुख से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय पदाधिकारियों ने देश के वर्तमान हालात के साथ बांग्लादेश में हिंसक घटनाओं पर भी चर्चा की। इसी क्रम में सोमवार को होने वाली अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक के विषयों पर भी मंथन हुआ। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय पदाधिकारियों की बैठक में संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर देश के लोगों को अधिक से अधिक जोड़कर उन्हें संघ के बारे के बारे में बताने, लोगों में समरसता का भाव लेने के लिए गांव-गांव सभाएं आयोजित करने, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव, पश्चिम बंगाल के हालात, प्रदेशों में हो रहे पलायन और इसे रोकने के लिए रूपरेखा तैयार करने पर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही संगठनात्मक दृष्टिकोण पर भी गहन चर्चा की जाएगी।
केशव धाम पर कड़ा पहरा
केशव धाम में अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया है। केशव धाम मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। केशव धाम के गेटों और चहारदीवारी पर परदे लगा दिए हैं। वहां आम लोगों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। वहीं केशव धाम के गेटों पर पुलिस बल एवं संघ के स्वयंसेवकों और कर्मचारियों की मेटल डिटेक्टर से चेक कर प्रवेश दिया जा रहा है। लाेगों के सामान को भी खुलवा कर देखा जा रहा है। आम लोगों के साथ ही भाजपाइयों को भी केशव धाम में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
देशभर से आए पदाधिकारी
केशव धाम में अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता संघ प्रमुख मोहन भागवत ने की। सोमवार एवं मंगलवार की केंद्रीय पदाधिकारियों की अहम बैठक में संघ के क्षेत्रीय, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों को शामिल नहीं किया जाएगा।
संघ प्रमुख चंद्रोदय मंदिर एवं सुदामा कुटी संतों के बीच जाएंगे
वृंदावन में 7 दिन के प्रवास पर आए संघ प्रमुख मोहन भागवत 10 जनवरी को सुबह सवा 9 बजे छटीकरा मार्ग स्थित चंद्रोदय मंदिर पहुंचेंगे। यहां मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन करने के बाद वह मिड डे मील बनाने वाली सेंट्रल आधुनिक रसोई को देखेंगे। इसके बाद वह चंद्रोदय मंदिर के पदाधिकारियों के साथ वार्तालाप करेंगे। शाम चार बजे सुदामा कुटी में आयोजित संत सुदामा दास महाराज का शताब्दी समारोह में संतों के बीच जाएंगे। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मुलाकात करने के लिए आ सकते हैं।
