उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, तहसील स्तरीय निर्वाचन शांतिपूर्ण संपन्न ।
लखनऊ के सदर तहसील सभागार में मंगलवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का तहसील स्तरीय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस चुनाव में 3 पदों पर उम्मीदवारों का निर्वाचन तथा 4 पदों पर निर्विरोध चयन किया गया। निर्वाचन अधिकारी कुमार सौरभ एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतू यादव की देखरेख में संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, जनपद लखनऊ के अध्यक्ष दिलीप कुमार बाथम ने बताया की नव निर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष पद पर अनुपमा राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुणेन्द्र कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार, मंत्री प्रिंस राजी, उपमंत्री गौरव मिश्रा, कोषाध्यक्ष आसिफ शेख, लेखा परीक्षक अर्पण निगम चुना गया है।
सभी निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा प्रशासनिक कार्यों में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष अनुपमा राय ने कहा कि संघ के प्रत्येक सदस्य की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा। मंत्री प्रिंस राजी ने आश्वासन दिया कि लेखपालों की लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण के लिए जिला इकाई से समन्वय स्थापित कर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे। निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन में संघ के वरिष्ठ सदस्यों ने सहयोग किया। अंत में सभी ने संघ की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
