चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता एवं विधायक ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पूरनपुर के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान के साथ लखनऊ स्थित कार्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से शिष्टाचार भेंट की।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने पूरनपुर नगर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं नागरिक हितों से संबंधित विषयों पर मुख्यमंत्री से विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा संबंधित मांगों का एक पत्रक सौंपा। पत्रक में नगर की प्रकाश व्यवस्था, नई नाली निर्माण, सड़कों के विकास और नये निर्माण एवं नगर सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय सम्मिलित थे। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुत विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए पूरनपुर नगर के समुचित एवं सर्वांगीण विकास हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है।
