Search News

छेड़छाड़ का बयान दर्ज कराने से रोकने के लिए ट्रेन से फेंका, रेलवे कर्मियों ने दी परिजनों को जानकारी

लखनऊ में छेड़छाड़ के मामले में बयान दर्ज कराने जा रही महिला सुपरवाइजर को चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप सामने आया है।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: January 3, 2026

छेड़छाड़ का बयान दर्ज कराने से रोकने के लिए ट्रेन से फेंका, रेलवे कर्मियों ने दी परिजनों को जानकारी

लखनऊ में छेड़छाड़ के मामले में बयान दर्ज कराने जा रही महिला सुपरवाइजर को चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर विभागीय कर्मचारी के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज हुई है। काकोरी के रहमानखेड़ा स्थित रेलवे लाइन के किनारे घायल मिली छेड़छाड़ की पीड़िता को बयान दर्ज कराने से रोकने लिए चलती ट्रेन से फेंका गया था। युवती के परिजनों ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में तैनात राजाजीपुरम के प्रधान सहायक कमल कुमार व अन्य के खिलाफ थाने में हत्या के प्रयास और साजिश की एफआईआर कराई है। हरदोई में तैनात ठाकुरगंज निवासी युवती बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में सुपरवाइजर है। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पिता उसे आलमनगर स्टेशन पर बरेली एक्सप्रेस में बैठाकर घर लौट आए। इसके कुछ देर बाद युवती का मोबाइल फोन बंद हो गया। आखिरी लोकेशन रहमानखेड़ा फॉर्म के पास रेलवे पटरी के किनारे मिली। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन युवती का पता नहीं चला। रेलवे फाटक पर तैनात कर्मचारियों को मोबाइल नंबर देकर परिजन लौट आए। शाम को कर्मचारियों ने सूचना दी कि चरवाहों ने ट्रैक के पास युवती को घायल अवस्था में देखा है। खबर पाकर परिजन व पुलिस पहुंचे और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

भाई लगाया ये आरोप

युवती के भाई का आरोप है कि 19 दिसंबर को बहन ने कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक कमल के खिलाफ हरदोई की शहर कोतवाली में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थी। घटना के बाद अधिकारियों ने कमल का तबादला देहात में कर दिया। 

मामले में दो जनवरी को युवती के मजिस्ट्रेट के सामने बयान होने था। वह एक जनवरी को घर से दस्तावेज और अन्य सामान लेकर ट्रेन से निकली। आरोप है कि कमल व उसके परिचितों ने हत्या के इरादे से उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। घरवालों का कहना है कि युवती का बैग भी गायब है।

आरोपी की तलाश में दी जा रही दबिश

इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि युवती का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। उसके घर से आलमनगर स्टेशन तक और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। होश में आने पर युवती के बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोपी कमल की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Breaking News:

Recent News: