कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
पीलीभीत। पूरनपुर तहसील परिसर में गुरुवार दोपहर दो बजे पतंजलि किसान सेवा समिति के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी को संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन चीनी मिल प्रबंधक को सौंपा। ज्ञापन में किसानों के हित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। किसानों का कहना है कि चीनी मिल को एक नंबर से चालू हो जानी चाहिए थी, उसके बाद भी अभी तक चीनी मिल शुरू नही की गई, चीनी मिल शुरू कराने की मांग की है।ताकि किसानों की गन्ना फसल समय से पेराई के लिए जा सके। इसके साथ ही गन्ने का मूल्य 450 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग की गई। समिति ने कहा कि बढ़ती महंगाई और कृषि लागत के अनुपात में वर्तमान गन्ना मूल्य किसानों के हित में नहीं है। किसानों ने यह भी मांग की कि बीते वर्षों का गन्ना भुगतान शीघ्र कराया जाए ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके। ज्ञापन में धान खरीद से जुड़ी अनियमितताओं पर भी सवाल उठाए गए। किसानों ने बताया कि मंडियों में तौल व खरीद प्रक्रिया में हो रही मनमानी के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही मंडी परिसर में किसानों के लिए पेयजल, शौचालय और छायादार स्थान जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराने की मांग की गई। पतंजलि किसान सेवा समिति ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलनात्मक रुख अपनाया जाएगा। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, और उनकी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
