Search News

देव दीपावली पर गंगा घाट से 15 मीटर तक छोटी नावों के संचालन की जगह आरक्षित हो: रविन्द्र जायसवाल

वाराणसी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: November 4, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने देव दीपावली पर्व पर यातायात सहित गंगा घाटों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के लिए अफसरों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित कराएं कि दिव्य, भव्य एवं अलौकिक देव दीपावली का दृश्यावलोकन काशीवासियों सहित देश-विदेश से आए पर्यटक सुगमता के साथ कर सके। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए जाने के लिए ठोस रणनीति बनाकर उसे सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। गंगा में सुरक्षित यातायात के लिए गंगा तट से 15 मीटर तक छोटे नावों के संचालन के लिए जगह आरक्षित करने पर जोर दिया, उसके बाद ही बड़े नावों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि डीजल संचालित नावों को गंगा में नमो घाट एवं रामनगर के पार ही रोका जाए। गंगा घाटों के किनारे स्थानीय लोगों द्वारा देव दीपावली के दौरान डीजे आदि लगाकर बजाए जाने को संज्ञान लेते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि इन डीजे पर भजन ही प्रसारित किए जाएं तथा इसकी आवाज भी मानक के अनुरूप हो। मंत्री रविन्द्र जायसवाल मंगलवार को सर्किट हाउस में कमिश्नर एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अफसरों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने निर्देशित किया कि गंगा में नावों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराए जाने के लिए गंगा में आने जाने का भी रूट का निर्धारण करा लिया जाए। देव दीपावली पर्व के दौरान वाहनों को जहां रोका जाए, वहां पर पार्किंग की व्यवस्था हर हालत में सुनिश्चित हो, ताकि लोग अपनी वाहनों को किसी भी दशा में सड़कों के किनारे पार्क न करने पाए। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा घाटों के समितियों के साथ ही प्रमुख तालाबों, पोखरों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी देव दीपावली पर दीपक जलाने के लिए दीया, बाती एवं तेल आदि का वितरण प्रमुखता से सुनिश्चित करा लिया जाए। उन्होंने गंगा घाटों के अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के भी चाक चौबंद व्यवस्था सुरक्षित कराए जाने का निर्देश दिया। गंगा घाटों की सीढ़िया पर आवागमन कहीं भी बाधित नहीं होनी चाहिए। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देव दीपावली पर्व पर देश विदेश से भारी संख्या में लोग काशी आते हैं। जिसके कारण यातायात का दबाव शहर में काफी हो जाता है। ऐसी स्थिति में यातायात व्यवस्था सुगम बनाए जाने के लिए लोग अपनी चार पहिया वाहनों का उपयोग अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही करें।

Breaking News:

Recent News: