कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हमारा शरीर एक मशीन की तरह काम करता है, जिसे सुचारू रूप से चलाने के लिए ईंधन की जरूरत होती है। यह ईंधन हमें भोजन से मिलने वाले पोषक तत्वों से प्राप्त होता है। लेकिन कई बार हमारी डाइट में आवश्यक विटामिन और मिनरल्स की कमी हो जाती है, जिससे शरीर में कई तरह की परेशानियां शुरू हो जाती हैं।गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी के अनुसार, अगर शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो, तो कुछ शुरुआती लक्षण जल्द ही दिखाई देने लगते हैं। इन लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते इलाज किया जा सके और गंभीर बीमारियों से बचाव हो सके।
डॉ. सेठी ने बताए शरीर में पोषक तत्वों की कमी के प्रमुख लक्षण:
लगातार थकान महसूस होना: अगर बिना किसी वजह के हर समय कमजोरी या थकान रहती है, तो यह आयरन या विटामिन B12 की कमी का संकेत हो सकता है।
बालों का झड़ना और त्वचा का रूखापन: यह बायोटिन, जिंक और विटामिन E की कमी से जुड़ा हो सकता है।
नाखूनों का टूटना या सफेद धब्बे पड़ना: कैल्शियम या जिंक की कमी का संकेत हो सकता है।
होंठ फटना या मुंह के किनारों पर घाव: यह विटामिन B2 और आयरन की कमी के कारण हो सकता है।
चक्कर आना या ध्यान न लगना: शरीर में आयरन और फोलिक एसिड की कमी के चलते ऐसा होता है।
बार-बार बीमार पड़ना: यह इम्यून सिस्टम के कमजोर होने का संकेत है, जो विटामिन C, D और जिंक की कमी से जुड़ा होता है।
डॉ. सेठी कहते हैं कि अगर ये लक्षण बार-बार दिखें, तो इन्हें हल्के में न लें। संतुलित आहार, हरी सब्जियां, फल, दालें, दूध और सूखे मेवे नियमित रूप से खाने चाहिए ताकि शरीर को सभी आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें। संतुलित आहार और समय-समय पर हेल्थ चेकअप के जरिए पोषक तत्वों की कमी से बचा जा सकता है। अगर थकान, चक्कर या बाल झड़ने जैसी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहें, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
