कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
हरियाणा के नूंह जिले के खुशपुरी गांव में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। गांव के रहने वाले 39 वर्षीय ट्रक ड्राइवर तशरीफ, उनकी पत्नी साहूनी (37) और दो बेटे अहसान (12) व अरफान (10) की फिरोजपुर के पास हुए एक दुर्घटना में मौत हो गई।
तशरीफ अपने परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर बीवां अपने ससुराल जा रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर ही चारों की मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है। तशरीफ ने हाल ही में अपने बच्चों के लिए एक नया घर बनाया था, जो अब हमेशा के लिए सूना हो गया है। गांव के लोगों के अनुसार, तशरीफ तीन दिन पहले ही अपने बच्चों से मिलने और खेतों की सिंचाई के लिए घर आया था। लेकिन किसी को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी। पड़ोसी जलालुद्दीन और मोहम्मद इमरान ने बताया कि तशरीफ बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था। उसके चार भाई थे—फज्जर, तय्यब (जिसकी बीस वर्ष पहले मौत हो चुकी है), तशरीफ और सबसे छोटा शाहिद। गांव के लोगों ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही पूरा गांव गम में डूब गया। तशरीफ के घर का आंगन, जहाँ कभी अहसान और अरफान खेला करते थे, अब पूरी तरह सन्नाटे में डूबा हुआ है। अब उस घर के दरवाजे पर ताला लटका है, एक ऐसा ताला जो शायद अब कभी नहीं खुलेगा।
