Search News

New Year 2026 की पार्टी में युवक पर चाकू से हमला

लखनऊ। कृष्णानगर के बाराबिरवा स्थित निजी होटल के रूफटॉप पर आयोजित नववर्ष की पार्टी में उस समय अफरातफरी मच गई जब डीजे पर नाचते हुए दो युवकों के बीच हुई धक्का-मुक्की ने खूनी रूप ले लिया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: January 2, 2026

New Year 2026 की पार्टी में युवक पर चाकू से हमला 

लखनऊ। कृष्णानगर के बाराबिरवा स्थित निजी होटल के रूफटॉप पर आयोजित नववर्ष की पार्टी में उस समय अफरातफरी मच गई जब डीजे पर नाचते हुए दो युवकों के बीच हुई धक्का-मुक्की ने खूनी रूप ले लिया। नशे में धुत एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोस्तों ने घायल युवक को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना बुधवार रात की है। होटल के टॉप फ्लोर पर नववर्ष का जश्न मनाया जा रहा था। माती बिजनौर निवासी अभिषेक सिंह तीन दोस्तों रजनीश, अनुभव और युगांश के साथ पार्टी में पहुंचे थे। डीजे की धुन पर सभी झूम रहे थे। इसी दौरान अभिषेक सिंह नशे में धुत एक युवक से टकरा गए। धक्का लगने से युवक नाराज हो गया। आरोप है कि नशे में धुत युवक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अभिषेक की पिटाई कर दी। यही नहीं, आरोपियों ने चाकू से अभिषेक के सीने पर कई वार कर दिए। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है। हालत स्थिर बताई जा रही है। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि घायल युवक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान के लिए होटल में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बड़ा सवाल, कहां से लाया चाकू
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी के दौरान विवाद होने पर आरोपियों के पास चाकू कहां से आया, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं। अगर आरोपी पहले से चाकू लेकर आया था तो होटल प्रबंधन की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों के पकड़े जाने के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा। होटल के कैमरे में आरोपी कैद हो गए हैं। होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी। 

Breaking News:

Recent News: